कानपुर: गैंगरेप पीड़िताओं की खुदकुशी के बाद पिता ने भी किया सुसाइड, प्रियंका बोलीं- यूपी में नहीं है कानून व्‍यवस्‍था 

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में दो नाबालिग बहनों के साथ कथित तौर पर गैंगरेप की घटना में पीड़िताओं की खुदकुशी के बाद उनके पिता ने भी सुसाइड कर लिया है। इस मामले को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार किया है। उन्‍होंने आरोप लगाया कि राज्य में जंगलराज कायम है, जहां कानून नाम की चीज नहीं बची है।

प्रियंका गांधी ने यह दावा भी किया कि उत्तर प्रदेश में पीड़ित बच्चियां-महिलाएं अगर न्याय मांगती हैं तो उनके परिवारों को बर्बाद कर देना नियम बन चुका है। उन्‍होंने सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट किया कि कानपुर में सामूहिक बलात्कार की पीड़ित दो नाबालिग बच्चियों ने आत्महत्या कर ली। अब उन बच्चियों के पिता ने भी आत्महत्या कर ली है। आरोप है कि पीड़ित परिवार पर समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा था।

प्रदेश की करोड़ों महिलाएं क्‍या करें, कहां जाएं?

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पीड़ित बच्चियां-महिलाएं अगर न्याय मांगती हैं तो उनके परिवारों को बर्बाद कर देना नियम बन चुका है। उन्नाव, हाथरस से लेकर कानपुर तक- जहां भी महिलाओं के साथ अत्याचार हुआ, उनके परिवार बर्बाद कर दिए गए। उन्‍होंने आरोप लगाया कि इस जंगलराज में महिला होना मात्र अपराध हो गया है, जहां कानून नाम की कोई चीज नहीं बची है। प्रियंका गांधी ने सवाल किया, “आखिर प्रदेश की करोड़ों महिलाएं क्या करें, कहां जाएं?